प्लांटिका स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत कुमाऊं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का औद्योगिक अनुलग्नक संपन्न- देहरादून, 01 अप्रैल 2026

देहरादून | दिनांक: 01 अप्रैल, 2026

PLANTICA- Indian Academy of Rural Development (Agriculture Training & Research Centre) द्वारा संचालित “स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम” के अंतर्गत विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण एवं इंडस्ट्री अटैचमेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “Bhavna Dhoops (Luxury Incense Products)” इकाई का भ्रमण किया तथा कृषि अपशिष्ट प्रबंधन (Agriculture Waste Management Module) से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक उपयोग से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने देखा कि किस प्रकार कृषि अवशेष एवं जैविक अपशिष्ट को उपयोगी एवं मूल्यवर्धित उत्पादों में परिवर्तित किया जाता है। उद्योग विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि कृषि अपशिष्ट का सही प्रबंधन न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि किसानों एवं युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी प्रदान करता है।

विद्यार्थियों ने विशेष रूप से धूप एवं लक्ज़री अगरबत्ती निर्माण की प्रक्रिया को समझा और जाना कि प्राकृतिक एवं कृषि आधारित कच्चे पदार्थों का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इस दौरान उन्हें उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

कार्यक्रम में Bhavna Dhoops के CEO श्री विकास उनियाल ने विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में कृषि एवं उद्योग के समन्वय से सतत विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर PLANTICA की सेंटर हेड सुश्री वंदना पेटवाल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सफल उद्यमी एवं शोधकर्ता बन सकें।

विद्यार्थियों ने इस इंडस्ट्री अटैचमेंट कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा कृषि अपशिष्ट प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में नई तकनीकों को सीखने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर PLANTICA परिवार एवं Bhavna Dhoops प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a comment