देहरादून, 16 जुलाई 2026। कृषि शिक्षा को व्यवहारिक, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत PLANTICA – Indian Academy of Rural Development (IARD), देहरादून द्वारा READY (Rural Agricultural Work Experience – RAWE, Agro Industrial Attachment – AIA, Plant Clinic एवं Unit Attachment) Program–2026 के प्रथम बैच का शुभारंभ 16 जुलाई, 2026 से सफलतापूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, औद्योगिक अनुभव तथा कृषि उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में Noida International University, Greater Noida, राजकीय महाविद्यालय, रुद्रप्रयाग, Himalayan Institute of Technology (HIT), देहरादून, Uttaranchal College of Science and Technology (UCST), देहरादून तथा Doon Group of Institutions, ऋषिकेश के बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान किया है।

READY Program का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें कृषि क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों, नवीन तकनीकों, अनुसंधान पद्धतियों, कृषि उद्यमिता तथा उद्योगों के कार्यकलापों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE), एग्रो इंडस्ट्रियल अटैचमेंट (AIA), प्लांट क्लिनिक, अनुसंधान एवं उत्पादन इकाइयों का प्रशिक्षण, पौध रोग एवं कीट निदान, मृदा एवं जल परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, पौध संरक्षण, बीज उत्पादन, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, प्रयोगशाला तकनीकों तथा आधुनिक कृषि उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को कृषि आधारित स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता विकास के विभिन्न आयामों से भी अवगत कराया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के संरक्षक (Patron) प्रो. (डॉ.) अनुप बड़ोनी, अध्यक्ष, PLANTICA Foundation एवं डीन, स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर, श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय, उत्तरकाशी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में कृषि शिक्षा को कौशल आधारित बनाना अत्यंत आवश्यक है। READY Program विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर, दक्ष एवं रोजगारोन्मुख कृषि पेशेवर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि PLANTICA का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार तथा कृषि उद्यमिता के माध्यम से युवाओं को कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम की प्रमुख (Program Head) सुश्री वंदना पेटवाल, साइंटिफिक ऑफिसर, PLANTICA हैं। उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम में प्रत्येक विद्यार्थी को आधुनिक कृषि तकनीकों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं, कृषि उद्योगों, प्लांट हेल्थ क्लिनिक तथा विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी एवं सफल कृषि विशेषज्ञ के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम समन्वयक (Program Coordinators) सुश्री अंजली शर्मा, टेक्निकल एसोसिएट, PLANTICA, डॉ. अरविन्द नैणवाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक (पशुपालन) तथा डॉ. पल्लवी चौहान, वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि, बागवानी, पशुपालन, मृदा विज्ञान, पौध संरक्षण, कृषि जैव प्रौद्योगिकी, उद्यमिता विकास एवं अनुसंधान पद्धतियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

PLANTICA प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों एवं संस्थानों से प्राप्त व्यापक उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए READY Program–2026 के द्वितीय बैच का शुभारंभ 01 अगस्त, 2026 से किया जाएगा। इच्छुक महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय अपने अंतिम वर्ष के बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि विद्यार्थियों का पंजीकरण निर्धारित समय से पूर्व कर सकते हैं।
PLANTICA द्वारा संचालित READY Program कृषि शिक्षा को उद्योग, अनुसंधान एवं ग्रामीण विकास से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हो रहा है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता, तकनीकी कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं कृषि उद्यमिता का विकास कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।