देहरादून, 27 जुलाई 2026।
कृषि शिक्षा को उद्योगों से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से होगर इंडिया एग्रो के सहयोग तथा प्लांटिका (PLANTICA), देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में एग्रो इंडस्ट्रियल अटैचमेंट (Agro Industrial Attachment – AIA) के प्रथम बैच का शुभारम्भ आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एस.जी.आर.आर. विश्वविद्यालय (SGRR University), देहरादून के आईसीएआर (ICAR) मान्यता प्राप्त कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि उद्योगों की कार्यप्रणाली, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि उद्यमिता, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन प्रणाली, प्रसंस्करण, विपणन एवं अनुसंधान गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में एक कुशल कृषि विशेषज्ञ एवं सफल कृषि उद्यमी के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम के संरक्षक (Patron) प्रो. (डॉ.) अनूप बड़ोनी ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में कृषि शिक्षा को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर उद्योगों एवं अनुसंधान संस्थानों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एग्रो इंडस्ट्रियल अटैचमेंट (AIA) जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य परिस्थितियों से परिचित कराते हैं तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं से सशक्त बनाते हैं। उन्होंने आयोजक संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे कृषि शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम की प्रोग्राम हेड सुश्री वंदना पेटवाल, वैज्ञानिक अधिकारी, प्लांटिका ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कृषि उद्योगों की उत्पादन प्रणाली, बीज एवं पौध सामग्री प्रबंधन, कृषि इनपुट, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, प्रयोगशाला तकनीकों, गुणवत्ता परीक्षण, कृषि प्रसंस्करण, उद्यमिता विकास तथा कृषि व्यवसाय प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को उद्योग भ्रमण एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से व्यवहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के समन्वयक (Program Coordinators) सुश्री अंजलि शर्मा, तकनीकी सहयोगी, प्लांटिका तथा श्री सूरज जोशी, तकनीकी सहयोगी, प्लांटिका ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास, उद्योग से जुड़ाव तथा करियर निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रथम बैच में विद्यार्थियों की उत्साहजनक सहभागिता को देखते हुए द्वितीय बैच का शुभारम्भ 01 अगस्त 2026 से किया जाएगा। इच्छुक कृषि एवं संबद्ध विषयों के विद्यार्थी समय रहते अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को कृषि उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने, उद्योग–अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।