प्लांटिका में तीन दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न- देहरादून, 29 अप्रैल 2026

देहरादून | दिनांक: 29 अप्रैल, 2026

PLANTICA – Indian Academy of Rural Development (Agriculture Training & Research Centre) द्वारा आयोजित 3 दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 27 अप्रैल 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे मशरूम की प्रजातियाँ, कम्पोस्ट एवं सब्सट्रेट तैयार करना, स्पॉनिंग तकनीक, तापमान एवं आर्द्रता प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, उत्पादन उपरांत प्रबंधन तथा मशरूम आधारित स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में व्यावहारिक (Hands-on Training) सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने स्वयं मशरूम उत्पादन की प्रक्रियाओं को समझा एवं अभ्यास किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण Professor (Dr.) Anoop Badoni द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार एवं कृषि उद्यमिता के एक प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक आय प्रदान करने वाली एक उभरती हुई कृषि तकनीक है, जो ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं किसानों के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन सकती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के लिए एक उत्कृष्ट शिक्षण मंच सिद्ध हुआ, जिसने उनकी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक समझ एवं कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में रोजगारोन्मुखी कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में इस प्रकार के और अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने बताया कि PLANTICA- Indian Academy of Rural Development भविष्य में भी कृषि, प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं कृषि उद्यमिता से संबंधित विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Leave a comment